सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर में बढ़ती ठंडे के बीच भी रामलीला देखने लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। श्री सोमनाथ महावीर रामलीला ट्रस्ट सोमेश्वर की ओर से आयोजित रामलीला के दूसरे दिन कलाकारों ने अपने अभिनय से समा बांध दिया। दूसरे दिन गुरुकुल में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के शिक्षा ग्रहण करने, महर्षि विश्वामित्र के राजा दशरथ से राम लक्ष्मण को मांगने, ताड़िका वध और सुबाहु वध की लीला का मंचन हुआ। इसके बाद राम लक्ष्मण के जनकपुर आगमन, अहिल्या तारण, राजा जनक से भेंट, मीना बाजार, पुष्प वाटिका और गौरी पूजन के प्रसंग प्रस्तुत किए गए। वहां समिति के अध्यक्ष कैलाश बोरा, सचिव शिवेंद्र सिंह बोरा, निर्देशक मोहन सिंह बोरा, तबला वादक गोविंद, मदन मोहन सनवाल, अमन भारती, रमेश भारती आदि मौजूद रहे।