अल्मोड़ा। जिला हाईवे सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा उपायों को तेज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्षतिग्रस्त संकेतकों एवं क्रैश बैरियरों की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान एसएसपी चंद्रशेखर आर घोडके, एडीएम युक्ता मिश्रा सहित टास्क फोर्स के सदस्य मौजूद रहे।