बागेश्वर। खड़िया खनन कार्य शुरू करने और दो खानों के संचालन समेत विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। शुक्रवार को पट्टाधारक नवीन कुमार ने आमरण अनशन शुरू किया था। शनिवार को प्रशासन के साथ हुई लंबी वार्ता में डीएम अपूर्वा पांडे ने रमन्ना पोर्टल खोले जाने और पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलनकारी मान गए। तहसीलदार ऋतु गोस्वामी ने अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रमोद कुमार और पट्टाधारक नवीन कुमार को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।