अल्मोड़ा के एसएसजे कैम्पस में अंतराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसएसजे कैंपस में शनिवार को भूगोल विभाग के सभागार में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर डिग्निटी, फ्रीडम एंड जस्टिस फॉर ऑल विषय पर गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा आजादी के बाद मानवाधिकार पर विस्तार से बात हुई है। अधिकारों और कर्तव्यों की रक्षा के लिए मानवाधिकार उपयोगी है। न्यायालय ने जातिगत धारणा, धर्म, संप्रदाय, व्यक्ति विशेष से ऊपर उठकर सभी के लिए मानवाधिकारों की व्यवस्था की है।
शनिवार को हुई गोष्ठी में अधिष्ठाता प्रशासन प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा इस तरह की गोष्ठी मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए उपयोगी है। मानवाधिकार का हर व्यक्ति के लिए विशेष महत्व है। प्रो. विद्याधर सिंह नेगी ने कहा भारतीय समाज में रूढ़िवादिता को खत्म करने के लिए मानवाधिकार कानून बनाया गया। हर व्यक्ति के उत्थान के लिए मानवाधिकार बेहद जरूरी है। संचालन डॉ. चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने किया। वहां पर प्रो. अरविंद सिंह अधिकारी, प्रो. केएन पांडे, प्रो. नीरज तिवारी, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. हरीश चंद्र जोशी, प्रो. निर्मला पंत सहित कई छात्र-छात्राएं व शिक्षक शामिल रहे।