पुलिस की जांच में उजागर हुआ है कि जिस बिल्डिंग में कैफे व होटल चलता है, उस बिल्डिंग का मालिक दहेली जवां का बबलू है। उसने कुछ माह पहले ग्वालरा गभाना के चंद्रवीर को 18 माह के लिखित इकरारनामे पर बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा होटल संचालन के लिए किराये पर दिया था। तय किराये के अनुसार पिछले तीन-चार माह से किराया नहीं दिया गया था। चंद्रवीर ने बिना बबलू की सहमति के यह होटल अपने गांव ग्वालरा के पंकज को ट्रांसफर कर दिया और बबलू को बताया कि उसे साझीदार बना लिया है।
इस बात पर बबलू का चंद्रवीर व पंकज से झगड़ा शुरू हो गया। चार पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि उस विवाद में भी भोलू ठाकुर ने बबलू का पक्ष लेते हुए पंकज व चंद्रवीर को फोन कर धमकाया था। दोनों गुटों में मनमुटाव चल रहा था और रात फिर आमना सामना हो गया। भोलू की रंगबाजी से जुड़ी उसी खुन्नस में झगड़ा हत्या तक पहुंच गया।
ये कराया मुकदमा, एक गिरफ्तार
सीओ गभाना सुमन कनौजिया के अनुसार, भोलू के छोटे भाई राहुल ने पंकज व चंद्रवीर को नामजद और छह-सात अज्ञात को आरोपी बनाते हुए गभाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें कहा गया है कि उसका भाई भोलू, तेजपुर का सुशील, खुद राहुल, भोलू का साला रोहित, भोलू के गांव का संजीव आदि कैफे के उद्घाटन में गए थे। वहां वाहन हटाने के विवाद में आरोपी हमलावर मंशा से आए, जब चलने लगे तो इन्होंने दोनों ओर से घेराबंदी कर पीछा किया और पथराव किया। बाद में फायरिंग कर भोलू की हत्या कर दी। पुलिस ने चंद्रवीर को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।
यह घटना बबलू व पंकज-चंद्रवीर के बीच किरायेदारी से जुड़े विवाद में हुई है, जिसमें हिस्ट्रीशीटर भोलू ने बबलू का पक्ष लिया था। इसी बात की तनातनी में रात झगड़ा हुआ और फिर हत्या कर दी गई। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश जारी है। -कलानिधि नैथानी, एसएसपी