अल्मोड़ा। इतने बड़े जिले में मरीजों के दिल का दर्द सुनने वाला यहां कोई नहीं है। जिला मुख्यालय में 450 करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज तक खुल गया है मगर यहां एक अदद कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हुई है। नतीजतन हार्ट अटैक से जूझते हुए यहां के अस्पतालों में पहुंचे मरीजों को या तो हायर सेंटर रेफर किया जाता है या वे उपचार के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। बीते वर्ष हार्ट अटैक से जूझते हुए 143 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 80 मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया तो 14 मरीजों को समय पर उचित उपचार न मिलने से जान गंवानी पड़ी।
अल्मोड़ा की छह लाख से अधिक की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 450 करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज को धरातल पर उतारा गया। वहीं यहां जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, रानीखेत उप जिला अस्पताल स्थित हैं, जहां लोग उपचार को पहुंचते हैं। इसके अलावा जिले के हर विकासखंड में 11 सीएचसी संचालित हैं।
हैरानी की बात यह है कि मेडिकल कॉलेज के साथ ही किसी भी अस्पताल में दिल के डॉक्टर की तैनाती नहीं है। कार्डियोलॉजिस्ट न होने से अस्पतालों से मरीजों को या तो रेफर कर दिया जाता है तो या फिर समय पर उपचार न मिलने से उनकी जान पर बन आती है। बीते वर्ष दिल के दर्द से जूझते हुए इन अस्पतालों में पहुंचे 80 से अधिक मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजिस्ट का पद सृजित नहीं, कैसे होगी तैनाती
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में जिले के साथ ही बागेश्वर, चंपावत व पिथौरागढ़ के मरीज भी उपचार को पहुंचते हैं। लेकिन अब तक यहां कार्डियोलॉजिस्ट का पद ही सृजित नहीं है। ऐसे में पद सृजित न होने से यहां दिल के डॉक्टर की तैनाती की उम्मीद भी पूरी तरह खत्म हो गई है। जबकि यहां अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है जिस सूची में कार्डियोलॉजिस्ट शामिल नहीं है।
कोट- जिले में फिलहाल कॉर्डियोलॉजिस्ट नहीं हैं। फिजीशियन की निगरानी में ऐसे मरीजों का उपचार हो रहा है। शासन स्तर पर ही कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती संभव है। - डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।
मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजिस्ट का पद सृजित नहीं है। पद सृजन के बाद ही उनकी नियुक्ति संभव है। - डॉ. सीपी भैंसोड़ा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा में वर्ष 2022 में अस्पताल हार्ट अटैक से जूझते हुए अस्पताल पहुंचे मरीजों की संख्या
माह मरीजों की संख्या
जनवरी 13
फरवरी 25
मार्च 27
अप्रैल 2
मई 13
जून 10
जुलाई 18
अगस्त 6
सितंबर 2
अक्तूबर 0
नवंबर 27
दिसंबर 0