कसून में ग्रामीणों का चेकअप करती स्वास्थ्य विभाग की टीम । संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिले के कसून गांव में नौ वर्षीय बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमा जाग गया। सीएमओ के निर्देश पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव में पहुंची। स्वास्थ्य शिविर लगाकर 110 लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अधिकांश लोगों में वायरल फीवर के लक्षण पाए गए। किसी में भी डायरिया के लक्षण नहीं मिले।
हवालबाग ब्लॉक के अंतर्गत कसून निवासी संजय सिंह मटियानी का नौ वर्षीय पुत्र मयंक सिंह मटियानी बुधवार को स्कूल गया था। स्कूल से घर लौटने पर उसे दस्त होने शुरू हो गए। रात में वह बगैर खाना खाए ही सो गया। बृहस्पतिवार की सुबह परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था। बच्चे की मौत के बाद शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन तिवारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम कसून गांव पहुंची। टीम ने गांव में 110 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. तिवारी ने बताया कि 28 से 30 लोगों में बुखार, सर्दी, खांसी की शिकायत मिली। 12 वर्षीय बच्चे और बुजुर्ग में पूर्व में उल्टी-दस्त की शिकायत मिली। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति में डायरिया के लक्षण नहीं पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. तिवारी के अलावा डॉ. रुचिका कविदयाल, डॉ. प्रभु सिंह खंपा, फार्मेसिस्ट दीपक कांडपाल, लैब तकनीशियन नरेंद्र भाकुनी, मनीषा पनेरू आदि मौजूद थे। इधर, जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल ने डीएम को ज्ञापन देकर कसून गांव के साथ ही अन्य गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर लोगों का परीक्षण कराने की मांग की है।
दो महिलाएं निकली कोरोना पॉजिटिव
अल्मोड़ा। कसून गांव में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 50 लोगों की कोरोना जांच भी की गई। डॉ. तिवारी ने बताया कि एक ही परिवार की दो महिलाएं कोरोना पाजिटिव निकली। महिलाओं को सात दिन तक होम आइसोलेट रहने के निर्देश दिए गए हैं।