अल्मोड़ा। साप्ताहिक अवकाश के बाद सोमवार को खुले जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। यहां बदलते मौसम के चलते बुखार, सर्दी जुकाम, पेट दर्द, दांत दर्द, कान दर्द, एलर्जी आदि रोगों के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल की ओपीडी 550 के पार रही। जिला अस्पताल खुलते ही फिजिशियन, ईएनटी, सर्जन, चर्म रोग, अस्थि रोग, बाल रोग कक्ष सहित पर्ची काउंटर, अल्ट्रासाउंड आदि में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। अस्पताल में नगर सहित हवालबाग, लमगड़ा, दन्यां, सोमेश्वर, सेराघाट आदि जगहों से उपचार के लिए काफी संख्या में मरीज पहुंचे थे। फिजीशियन डॉ. हरीश आर्या ने बताया कि अधिकतर मरीजों में बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द आदि की समस्या देखने को मिल रही है। पानी खूब पीएं। बासी भोजन से परहेज करें।