गोल्ज्यू देवता मंदिर में जागर का आयोजन।
- फोटो : जागरुक पाठक
अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में गोल्ज्यू यात्रा मंगलवार को सोमनाथ नगरी सोमेश्वर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। यात्रा के पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया।
यात्रा सबसे पहले सोमेश्वर के चौड़ा स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद यात्रा सोमेश्वर बाजार होते हुए चनौदा की ओर बढ़ी और ग्राम पंचायत गुरुड़ा के गोल्ज्यू देवता मंदिर पहुंची। यहां आयोजित जागर में स्थानीय देवताओं का आह्वान किया गया, जहां चंपावत के गोल्ज्यू देवता ने भक्तों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद यात्रा भेटा गांव पहुंची जहां महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में गोल्ज्यू देवता का भव्य स्वागत किया। कलश यात्रा के साथ श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचे और वहां भी जागर का आयोजन किया गया।
यात्रा का रात्रि प्रवास बयाला खालसा स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर में हुआ। पूरे सोमेश्वर क्षेत्र में यात्रा के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। गोल्ज्यू यात्रा का आयोजन अपनी धरोहर संस्था के अध्यक्ष विजय भट्ट और उनकी टीम की ओर से किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक लाखी राम जोशी, कमल जीना, मोहन राम (ढोल), नारायण पांडेय, पारस कांडपाल, दीक्षित दुर्गापाल और आनंद भाकुनी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।