अल्मोड़ा। वन विभाग में तैनात आउटसोर्स कर्मियों ने वेतन की मांग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वे कार्य बहिष्कार पर रहे। उन्होंने वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को आउटसोर्स कर्मियों ने डीएफओ कार्यालय में एकत्र होकर कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बीते आठ माह से वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। दीवाली नजदीक है। ऐसे में वेतन न मिलने से उनके लिए यह पर्व मनाना मुश्किल होगा। परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए कठिन हो रहा है। कई बार वेतन की मांग के बाद भी विभाग उनकी नहीं सुन रहा है। चेतावनी दी कि जल्द वेतन नहीं मिला तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर दिनेश परिहार, अमित बोरा, अंकित दुम्का, राजेश पांडे, मनीष कुमार, ममता वर्मा, अवनि साह, सुनिता आर्या आदि मौजूद रहे। संवाद