फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्कूल तक पहुंची जंगल की आग, मची अफरा-तफरी

Wed, 15 Feb 2023 11:14 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। फायर सीजन शुरू होने के पहले दिन ही पहाड़ पर जंगल धधकने लगे हैं। ताजा मामला धारानौला वन क्षेत्र का है जहां जंगल में लगी आग इतनी बढ़ गई कि पास ही स्थित प्राथमिक विद्यालय तक पहुंच गई। इससे स्कूल में पढ़ रहे बच्चों और शिक्षकों में अफरातफरी मच गई। छात्र और शिक्षक सभी आग बुझाने में जुटे रहे लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय से आग पर काबू पा लेने से स्कूल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
विज्ञापन

बुधवार को धारानौला क्षेत्र में जंगल में आग लग गई। देखते ही देखते आग प्राथमिक स्कूल बख के पास तक पहुंच गई। इससे छात्रों और शिक्षकों में अफरातफरी मच गई। सभी ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ती ही रही और स्कूल भवन के करीब तक पहुंच गई। सूझबूझ दिखाते हुए स्कूल प्रबंधन ने दमकल विभाग को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने से स्कूल प्रबंधन ने तो राहत की सांस ली लेकिन वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है।

अब तक 120 हेक्टेयर से अधिक जंगल जले
अल्मोड़ा। जिले में सर्दी के मौसम में अब तक जंगलों में आग की सबसे अधिक घटनाएं सामने आई हैं। अब तक जिले में 120 हेक्टेयर से अधिक जंगल आग में जल चुके हैं। बुधवार से फायर सीजन भी शुरू हो गया है और इस सीजन की पहली घटना भी सामने आ चुकी है। ऐसे में भविष्य में वन विभाग के लिए जंगलों को आग से सुरक्षित बचाना चुनौती से कम नहीं होगा।
विज्ञापन


जिले में जंगलों की सुरक्षा के लिए बने हैं 155 क्रू सेंटर
अल्मोड़ा। जिले में फायर सीजन को देखते हुए वन विभाग ने 155 क्रू सेंटर स्थापित किए हैं जहां 620 फॉयर वाचरों की तैनाती की गई है। वन विभाग के मुताबिक हर सेंटर में चार फायर वाॅचर तैनात हैं जो जंगलों की आग से सुरक्षा करेंगे।

बख स्कूल के पास जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया थ। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाते हुए स्कूल को सुरक्षित बचा लिया। - ध्रुव मर्तोलिया, डीएफओ, सिविल सोयम, अल्मोड़ा।


गढ़खेत रेंज के डंगोली में जंगल में लगी आग

गरुड़ (बागेश्वर)। वन प्रभाग बागेश्वर के गढ़खेत रेंज मुख्यालय के जंगल में भीषण आग लगने से धुंध के आसपास के गांवों में फैलने से वातावरण प्रदूषित हो गया है। गढ़खेत रेंज के डंगोली के आसपास के जंगलों में बुधवार दोपहर के समय अचानक आग लग गई। हांलाकि वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी रही लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। वन रेंजर हरीश खर्कवाल ने बताया कि कर्मचारी आग बुझाने में जुटे है जल्द ही आग को बुझा लिया जाएगा। वन रेंजर ने ग्रामीणों से जंगलों को आग से बचाने में सहयोग की अपील की है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें