अल्मोड़ा। जल्द ही पिथौरागढ़ के डीडीहाट, अल्मोड़ा के दन्या, सोमेश्वर, चौखुटिया और यूएसनगर के रुद्रपुर में अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा खुलेगी। बीते वित्तीय वर्ष में बैंक के शुद्ध लाभ में 82 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह बात बैंक की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में मौजूद प्रबंधन निदेशक और सीईओ पीसी तिवारी ने कही।
रविवार को नगर के एक होटल में बैंक की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में सीईओ तिवारी ने कहा कि बैंक की कार्यशील पूंजी में बीते वर्ष की अपेक्षा 248.30 करोड़ रुपये की वृद्धि होकर 3904.14 करोड़ रुपये हुई है। निक्षेप 3208.32 करोड़ रुपये पहुंचा है और इसमें 175.44 करोड़ की वृद्धि हुई है।
बीते वित्तीय वर्ष में 233.31 करोड़ की ऋण वसूली की गई। बैंक ने अपने कुल ऋण का 68.74 प्रतिशत विभिन्न क्षेत्रों को वितरित कर देश की प्रगति में योगदान दिया है। बैंक ने बीते वर्ष मार्च माह तक 1654.32 करोड़ रुपये भारतीय रिजर्व बैंक में विनियोजित किए हैं।
बैंक ने 11.05 करोड़ रुपये अग्रिम आयकर जमा किया है जो बड़ी उपलब्धि है। वहीं निक्षय मित्र योजना के तहत जिले के टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें हर माह पौष्टिक आहार किट का भी वितरण किया जा रहा है।
बैंक के महाप्रबंधक बीएस मेहता और बैंक अध्यक्ष महेश चंद्र जोशी ने भी बैंक की प्रगति के बारे में बताया।
इस मौके पर बैंक उपाध्यक्ष डॉ. बसुधा पंत, बैंक संचालक सुरेंद्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, विनय कुमार टंडन, गगनदीप सिंह सहदेव, प्रकाश पेटशाली, हरीश चंद्र पाठक, बैंक प्रतिनिधि प्रभा साह, आनंद सिंह बगड़वाल, किशन चंद्र गुरुरानी आदि मौजूद रहे। संवाद