अल्मोड़ा के कठपुड़िया के समीप जंगल में लगी आग।
- फोटो : AMAR UJALA
अल्मोड़ा। फायर सीजन के साथ अब जंगलों में आग लगना भी शुरू हो गया है। बुधवार देर शाम अल्मोड़ा- रानीखेत मोटरमार्ग में कठपुड़िया के निकट जंगल में आग लग गई। कई घंटों के बाद ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान वन संपदा जलकर राख हो गई। अप्रैल माह के साथ अब फायर सीजन भी शुरू हो गया है। दवानाल से निपटना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। अल्मोड़ा- रानीखेत मोटर मार्ग में कठपुड़िया के समीप कायाला में बुधवार की देर शाम जंगल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें देख ग्रामीण वानाग्नी से निपटने के लिए खुद ही जंगल की ओर भागे। सड़क तक पहुंची आग पर करीब एक घंटे में ग्रामीणों ने काबू पा लिया। लगभग दो घंटे तक जंगल धधकते रहे, जिससे लाखों की वन संपदा राख में बदल गई।