02 घंटे की मशक्कत के बाद वन कर्मियों ने पाया आग पर काबू
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट-चौखुटिया सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप के पास जंगल में आग लग गई। सूचना के बाद वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बुधवार को पेट्रोल पंप के पास जंगल से आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। रेंजर मदन लाल ने तुरंत टीम को मौके पर भेजा और वन कर्मियों ने मोर्चा संभाला। दो घंटे बाद वन कर्मियों ने आग बुझाई। आग से आधे हेक्टेयर में वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। इधर, आग बुझाने में तनुजा पाठक, प्रदीप चंद, पंकज तिवारी, भानु गिरी, ललित रौतेला, मनोज कुमार, राजेश बुधानी, बची राम आदि ने भी सहयोग किया।
फायर सीजन में जला सात हेक्टेयर जंगल
अल्मोड़ा। फायर सीजन में गर्मी बढ़ते ही जंगलों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब तक इस फायर सीजन आठ घटनाओं में सात हेक्टेयर जंगल आग की भेंट चढ़ चुका है। वन विभाग के मुताबिक लोग पिरूल जलाने के लिए जंगलों में आग लगा रहे हैं, लेकिन अब तक ऐसा करने वाला एक भी अराजक तत्व पकड़ में नहीं आ सका है।
कोट- पेट्रोल पंप के पास जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम को मौके पर भेजकर आग पर काबू पाया गया। वन विभाग जंगलों की सुरक्षा के लिए तत्परता से काम कर रहा है। -मदन लाल, रेंजर, द्वाराहाट।