सोमेश्वर(अल्मोड़ा)। सर्दियों के मौसम में भी जिले के जंगल धधक रहे हैं। सोमेश्वर के बैंगनिया में जंगल पूरे दिन धधकता रहा। इससे लाखों की वन संपदा जलकर राख हो गई है। आग बुझाने में वन विभाग के पसीने छूट रहे हैं।
सोमेश्वर क्षेत्र के बैंगनिया के जंगल में बृहस्पतिवार देर शाम आग लग गई। पूरी रात जंगल सुलगता रहा। आग में एक हेक्टेयर से अधिक जंगल जल गया है। चीड़ के कई पेड़ जलकर गिर गए हैं। अन्य प्रजाति के पेड़ों को भी खासा नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की सूचना पर शुक्रवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग बुझाने में वन कर्मियों के पसीने छूट गए। छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लाखों की वन संपदा जंगल की आग की भेंट चढ़ गई। हरि सिंह भाकुनी, किशोरी लाल, हीरा सिंह बिष्ट, पुष्कर तिवाड़ी आग बुझाने में जुटे रहे। संवाद
अराजक तत्व लगा रहे हैं जंगल में आग
सोमेश्वर। ठंड में सुलगते जंगल वन विभाग की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। वन विभाग के मुताबिक पिरुल जलाने के लिए अराजक तत्व आग लगा रहे हैं। वन विभाग अराजक तत्वों की पहचान करने में लाचार नजर आ रहा है।
बैंगनिया के जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर भेजी गई। कर्मियों ने आग बुझा दी है। अराजक तत्व जंगलों में आग लगा रहे हैं। - मनोज कुमार लोहनी, रेंजर, सोमेश्वर।