अल्मोड़ा। हवालबाग के कुज्याड़ी में पूर्ति विभाग को जांच में तेरह अपात्र राशन कार्ड धारक ऐसे मिले हैं जो सालों से सरकारी राशन डकार रहे थे। इनमें से नौ उपभोक्ताओं ने अपने राशन कार्ड सरेंडर किए। लेकिन चार उपभोक्ताओं ने कार्ड सरेंडर करने से इनकार कर दिया। विभाग ने सख्ती दिखाते हुए कहा है कि सात दिनों के भीतर जुलाई 2022 से अब तक का राशन भुगतान नहीं किया गया तो उनके खिलाफ केस दर्ज होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी दिव्या पांडे ने बताया कि हवालबाग विकासखंड के कुज्याड़ी में अपात्र राशन कार्ड धारकों की पहचान को अभियान चलाया गया। इस दौरान यहां तेरह उपभोक्ता अपात्र मिले। इनमें से नौ उपभोक्ताओं ने अपनी गलती स्वीकारते हुए राशन कार्ड सरेंडर किए लेकिन चार उपभोक्ता तारा देवी पत्नी बचे सिंह, अंबा देवी पत्नी लक्ष्मी दत्त, शोभा देवी पत्नी बिशन सिंह, जमुना देवी पत्नी देव सिंह ने विभाग को सहयोग न करते हुए कार्ड जमा नहीं कराए।
उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति निरीक्षक कटारमल को इन उपभोक्ताओं से वसूली करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा यदि सात दिन के भीतर उन्होंने जुलाई 2022 से अब तक लिए खाद्यान्न का भुगतान नहीं किया तो उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम व खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। कहा सहयोग करने वाले अन्य उपभोक्ताओं पर विचार किया जाएगा। पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से अपात्र लोगों में हड़कंप है।