रानीखेत (अल्मोड़ा)। यहां नैनीताल बैंक शाखा में बुुधवार रात सेंधमारी करने वाले आरोपियों का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका है। हालांकि पुलिस और एसओजी की टीम मामले में हर कोण से जांच कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार को कुछ कबाड़ियों और वेल्डर से भी पूछताछ की। चोरों ने सीसीटीवी के तार समेत बैंक के मुख्य गेट, चैनल गेट के आठ ताले गैस कटर से काटे डाले थे हालांकि वह लॉकर के ताले नहीं तोड़ सके। इस कारण लोगों की बैंक में जमा पूंजी लुटने से बच गई। बैंक प्रबंधक की तरफ से बृहस्पतिवार को मामले में केस दर्ज करा दिया गया है।
चाेरों ने बुधवार रात यहां ठंडी रोड स्थित नैनीताल बैंक की शाखा में धावा बोल दिया। मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवीके तार काट दिए, इसके बाद बिजली और टेलीफोन के संयोजन भी काट दिए थे। शातिर चोरों ने ताला तोड़ने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। हालांकि स्ट्रांग रूम में रखे लाकर वह नहीं भेद सके। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ तिलक राम वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। गठित पुलिस टीम गंभीरता से मामले की पड़ताल में जुटी है।