अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अधीन चार परिसर और महाविद्यालय में तीन साल में 58 विद्यार्थी परीक्षा के दौरान नकल करते धरे गए। वहीं दो मुन्ना भाई अन्य छात्र की जगह परीक्षा देते मिले। दोषी विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गठित जांच कमेटी अब अंतिम निर्णय लेगी।
एसएसजे विश्वविद्यालय अगस्त 2020 में अस्तित्व में आया। विश्वविद्यालय के अधीन अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत चार परिसर और 36 महाविद्यालय हैं। बीते तीन सालों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 58 विद्यार्थी पर्ची, मोबाइल फोन सहित दूसरे अनुचित साधनों से नकड़ करते पकड़े गए। अब विश्वविद्यालय ने जांच कमेटी गठित की है जो नकल करने वाले विद्यार्थियों पर कार्रवाई करेगी। पूर्व में लोहाघाट महाविद्यालय और पिथौरागढ़ परिसर में परीक्षा निरीक्षकों को दो मुन्ना भाई दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देते मिले। तब जांच कमेटी ने दोनों छात्रों का प्रवेश निरस्त किया। अब जांच कमेटी की नजर नकलची विद्यार्थियों पर टिकी है। संवाद
फिर से देनी पड़ सकती है परीक्षा
अल्मोड़ा। विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने वाले 58 विद्यार्थियों को लेकर जांच कमेटी निर्णय लेगी। विवि प्रबंधन के मुताबिक दोषी पाए गए विद्यार्थियों को फिर से परीक्षा देनी पड़ सकती है। संवाद
मुख्य परीक्षाओं में अब तक 58 विद्यार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए हैं, इन पर जांच कमेटी निर्णय लेगी। वहीं खुद की जगह अन्य को परीक्षा में बैठाने वाले दो छात्रों का पहले ही प्रवेश निरस्त कर दिया गया है।
-डॉ. मुकेश सामंत, परीक्षा नियंत्रक, एसएसजे विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा।