अल्मोड़ा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने कहा कि धौलादेवी ब्लॉक में वायरल बुखार से लोगों की मौत हुई या अन्य बीमारी से यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने कहा कि लोग अफवाह न फैलाएं। अपने मन से अपना इलाज घर पर न करें। स्वास्थ्य खराब होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। रविवार को सीएमओ कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर है। धौलादेवी के प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है। चार टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गईं हैं। संबंधित चिकित्सकों को जन सामान्य की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
.