अल्मोड़ा जिला अस्पताल मे मरीज का उपचार करते जरनल फिजिशियन डॉ हरीश आर्या। संवाद
अल्मोड़ा। बेमौसम बारिश के चलते जिले में बीमारी का खतरा बढ़ गया है। सर्दी, जुकाम, वायरल और सांस के मरीज बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल में पहुंचने वाला हर दूसरा मरीज इन बीमारियों से जूझ रहा है।
बीते दिनों से हो रही बेमौसमी बारिश का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। मौसम में बदलाव के चलते खांसी, बुखार और जुकाम, वायरल के मरीज फिर से बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल से मिले आंकड़े इसकी तस्दीक कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक बीते दिनों अस्पताल में ओपीडी 250 से 300 पहुंच रही थी। वहीं अब ओपीडी 400 से ऊपर पहुंचने लगी है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. हरीश आर्या ने बताया कि हर दूसरा मरीज सांस, खांसी, सर्दी, जुकाम, वायरल से ग्रस्त है। सुबह-शाम ठंड व दिन में धूप के चलते संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।
ऐसे करें बचाव
डॉ. हरीश आर्या ने कहा कि लोगों को इन बीमारी से बचने के लिए उबले और साफ पानी का उपयोग करना चाहिए। नींबू-पानी की अधिक जरूरत है। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या से बचा जा सकता है। मास्क का प्रयोग करना जरूरी है। शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए ताजे फल और सब्जियों का सेवन करें।