अल्मोड़ा। जिले में दीनदयाल स्पर्श योजना के तहत पहली बार कक्षा छह से नौवीं के विद्यार्थियों को डाक विभाग छात्रवृत्ति देगा। विभाग ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए योजना शुरू की है। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को विभाग हर माह 500 रुपये छात्रवृत्ति देगा और उसे हर साल छह हजार रुपये मिलेंगे।
डाक विभाग ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पर्श योजना (स्कॉलरशिप फॉर प्रमोशन ऑफ एप्टीट्यूड एंड रिसर्च इन स्टैंप्स ऐज ए हॉबी) के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृति देगा। योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को परीक्षा से गुजरना होगा। वही विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, जिन्हें स्कूली परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक मिले हों। लेकिन सबसे जरूरी यह होगा कि उनका टिकट संग्रहण का शौक हो और उन्होंने इनका संग्रहण किया हो। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को विभाग छह हजार रुपये सालाना छात्रवृत्ति देगा। विभाग हर साल छह से नौंवी कक्षा तक के 10-10 यानि कुल 40 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा।
-
परीक्षा सफल विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
अल्मोड़ा। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, खेल, संस्कृति आदि विषय पर 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। विभाग डाकघरों में परीक्षा कराएगा। इसमें सफल विद्यार्थियों को प्रतिमाह 500 रुपये की छात्रवृति मिलेगी।
-
प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के लिए नियम
अल्मोड़ा। स्पर्श योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति के लिए प्रतिभागी को मान्यता प्राप्त विद्यालय का विद्यार्थी होना चाहिए। इसके साथ उसे विद्यालय में बने टिकट संग्रहण क्लब का सदस्य होना चाहिए। यदि विद्यालय में यह क्लब नहीं है, तो विद्यार्थी का फिलैटली जमा खाता होना जरूरी है। इसके लिए डाकघर में खाता खुलवाया जा सकता है।
-
प्रधान डाकघर के डाक अधीक्षक आरके बिनवाल का कहना है कि डाक टिकट संग्रहण को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए योजना शुरू की गई है। जिले के विद्यार्थियों को पहली बार योजना का लाभ मिलेगा।