चौखुटिया (अल्मोड़ा)। पेयजल समस्या से परेशान ग्राम पंचायत जमणिया के ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए जल निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने शीघ्र निदान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बाद में तहसील जाकर सीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार विवेक राजौरी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत जमणिया में साढे तीन सौ परिवार रहते हैं और कुल आबादी दो हजार से ज्यादा है। अधिकतर घरों में मवेशी भी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में आए दिन की पेयजल समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत को भनोटिया पेयजल योजना से जोड़ा गया था। कार्यदायी संस्था पेयजल निगम रानीखेत ने गांव में साठ किलोलीटर का टैंक भी बनाया गया है। टैंक निर्माण के बाद जल जीवन मिशन के तहत गांव को हर घर नल हर घर जल से जोड़ा गया।
कार्यदायी संस्था की ओर से प्रथम चरण का कार्य पूरा किया गया लेकिन किसी भी नल में एक भी बूंद पानी का नही आया जिससे लोग परेशान हैं। ज्ञापन देने व प्रदर्शन करने वालों में प्रधान कला देवी, पूर्व जिपंस गजेंद्र सिंह नेगी, हीरा सिंह बिष्ट, जीत सिंह, प्रेम सिंह, गणेश आर्या, चंदन आर्या, कृपाल सिंह, पान सिंह, हरीश कुमार, आनंद सिंह, हयात सिंह, भैरव दत्त आदि ग्रामीण शामिल थे।
====
चौखुटिया में ठप रही पेयजल आपूर्ति
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया बाजार सहित कई गावों में मंगलवार को पेयजल की आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि किसी गांव में दो तो किसी गांव में तीन-तीन दिन तक पानी नहीं आ रहा है। इधर जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता सोनू भट्ट का कहना है कि मंगलवार को कुछ पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य किया गया जिसके चलते पेयजल आपूर्ति बाधित हुई। बुधवार से आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।