चौखुटिया (अल्मोड़ा)। नवचेतना विकास समिति ने स्याल्दे ब्लाॅक के अंतिम छोर पर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज जौरासी में अध्यापकों सहित कार्यालय स्टाफ की मांग की है। इसके लिए समिति के बैनर तले एकजुट कई गांवों के ग्रामीणों ने गांव में जुलूस निकाला और विद्यालय प्रांगण में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि राज्य बनने के बाद भी स्कूल की शिक्षा व्यवस्था नहीं सुधर सकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि जीआईसी जौरासी क्षेत्र का अग्रणी शिक्षण संस्थान है। इसके बावजूद वहां कई पद खाली होने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को जौरासी बाजार से स्कूल परिसर तक जुलूस निकाला। इसके बाद स्कूल में हुई सभा में कहा कि विद्यालय में 380 बच्चे पढ़ते हैं। इसके बावजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी न होने से शिक्षक खुद ही घंटी बजाते हैं। उन्होंने इस स्कूल में प्रधानाचार्य समेत गणित, अर्थशास्त्र, वाणिज्य के प्रवक्ता और एलटी में हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, कृषि शिक्षकों की तैनाती की मांग की।
इस दौरान समिति अध्यक्ष चंदन घुघत्याल, ग्राम प्रधान भगवती घुघत्याल, पीटीए अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणा, एसएमसी अध्यक्ष जगदीश चंद्र जोशी, राधिका शर्मा, भावना घुघत्याल, हंसा दत्त शर्मा, उमा बिष्ट, चित्रा कांडपाल, चंदन मेहरा आदि मौजूद थे।
इन्सेट में कोट
एडी नैनीताल स्तर से अध्यापकों की नियुक्तियों का प्रावधान है। विद्यालय में प्रवक्ताओं, सहायक अध्यापकों सहित कार्यालय स्टाफ के खाली पदों की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा रही है। नए सत्र में अध्यापकों की नियुक्ति की उम्मीद है। - वंदना रौतेला, बीईओ, स्याल्दे (अल्मोड़ा)