आरोपी एवी प्रेमनाथ पुलिस शिकंजे में। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। हवालबाग ब्लॉक के डांडा कांडा में किशोरी के यौन शोषण के आरोपी दिल्ली सचिवालय के संयुक्त सचिव एवी प्रेमनाथ को पुलिस ने हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया है। वह हल्द्वानी से बाहर भागने की फिराक में था।
एवी प्रेमनाथ पर नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म समेत तमाम आरोप लगाए हैं। सोमवार को एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया को उसने आपबीती बताई। कहा कि एवी प्रेमनाथ लॉकडाउन के समय से ही उसकी मां पर डांडा कांडा स्थित अपनी पत्नी के एनजीओ प्लीजेंट वैली फाउंडेशन में चलने का दबाव बना रहा था। बाद में आरोपी ने मां को झूठे मुकदमे में जेल भिजवा दिया और उसके (लड़की के) साथ गलत हरकतें करने लगा। उसके साथ कई बार दुष्कर्म की कोशिश की। दिल्ली सचिवालय स्थित सरकारी कक्ष में बुलाकर नापाक हरकत की। क्षेत्रीय पटवारी से शिकायत की लेकिन उसने अनसुना कर दिया।
एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेकर अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद हरकत में आई राजस्व पुलिस ने एवी प्रेमनाथ के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 7/8 पॉक्सो, आईटी एक्ट, 66 डी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को रानीखेत के कुछ छात्रनेताओं ने इलाके में इस तरह की अनैतिक गतिविधि के खिलाफ डांडा कांडा में हंगामा किया। इस बीच मामले की संवेदनशीलता को देख केस रानीखेत कोतवाली को ट्रांसफर कर दिया गया। शिकंजा कसता देख आरोपी यहां से फरार हो गया। रात में ही पुलिस ने जाल बिछाकर उसको हल्द्वानी से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह बस में बैठकर बाहर भागने की फिराक में था।
पीड़िता और पीड़िता की मां के बयान ले लिए गए हैं। अपराध गंभीर है। पुलिस ने 376, 511 और 506 आदि धाराएं बढ़ा दी हैं। बुधवार देर शाम आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
-तिलक राम वर्मा, सीओ रानीखेत।