दोनों भाई-बहन खाना बनाकर ऑनलाइन मंगाई घड़ी लेने के लिए निकले घर से, नदी में नहाने पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। बरसात की शुरुआती बारिश में ही सुयाल नदी का प्रवाह एक परिवार पर कहर बनकर टूटा है। इस नदी में डूबने से हुई भाई-बहन की मौत से हर कोई स्तब्ध है। आदित्य ने अपनी पसंदीदा घड़ी ऑनलाइन मंगाई थी जिसकी डिलीवरी सोमवार को होनी थी। दोनों भाई-बहन को घड़ी पहुंचने का बेसब्री से इंतजार था। खाना तैयार करने के बाद मोबाइल पर डिलीवरी के लिए घंटी बजी तो दोनों खुशी से झूम उठे और इसे पाने के लिए घर से 500 मीटर दूर गोलना करड़िया पहुंचे। आदित्य ने कलाई पर घड़ी बांधी और बहन के साथ वहीं से नहाने नदी की तरफ रवाना हुआ। कुछ देर बाद ही दोनों नदी पर पहुंचे। आदित्य ने घड़ी उतारकर नदी में डुबकी लगाई तो वह बाहर नहीं निकल सका।
बख के ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सोमवार को हेमा देवी, सास जानकी देवी और बड़े बेटे अभिषेक के साथ खरीदारी करने बाजार गईं। उनकी बेटी भावना और बेटा आदित्य घर पर था। भाई-बहन ने मिलकर मां, दादी और बड़े भाई के लिए दोपहर का खाना तैयार किया। एक साथ खाना खाने के लिए दोनों उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दोनों नहाने के लिए नदी में चले गए जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी। इसलिए बाजार से घर लौटे मां, दादी और भाई भी उनके लौटने का इंतजार करते रहे। कई जगह पूछताछ करने के बाद भी उन्हें मायूसी हाथ लगी।
देर शाम तक भी उनकी घर वापसी न होने और फोन न उठने से चिंतित लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मोबाइल लोकेशन के जरिये पुलिस विश्वनाथ मंदिर के पास पहुंची लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां आधी रात को दोनों भाई-बहन के शव बरामद हुए।
इस घटना से हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छिन गईं। बेटा-बेटी की मौत से मां बदहवास है और दादी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। बड़ा भाई अपने आंसू छिपाते हुए मां और दादी को हिम्मत देने में जुटा रहा। पोस्टमार्टम हाउस में भी लोगों का जमावड़ा लगा रहा। लोग कह रहे थे कि जिस घर में सोमवार सुबह तक खुशियों का डेरा था, अब वहां मातम पसरा है। सोमवार दोपहर नदी में नहाने के लिए घर से निकले लेकिन उन्हें यह मालूम नहीं था कि वहां मौत उनका इंतजार कर रही है। हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं। संवाद
तीन इनसेट
-
भाई को बचाने में बहन के डूबने की आशंका
अल्मोड़ा। पुलिस ने भाई को बचाने में बहन की मौत की आशंका जताई है। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि आदित्य के कपड़े, चप्पल, नई घड़ी और तौलिया नदी किनारे मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि आदित्य के डूबने पर उसे बचाने के लिए बहन भावना ने भी नदी में छलांग लगाई होगी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। हालांकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। संवाद
-
कुछ साल पहले हो चुकी हेमा के पति की मौत
अल्मोड़ा। हेमा देवी के पति स्व. प्रकाश सिंह नेगी की मौत कुछ साल पूर्व हो चुकी है। सेवानिवृत्त शिक्षिका सास जानकी देवी के सहयोग से वह बेटे-बेटी का पालन कर रहीं थीं लेकिन इस घटना में हुई छोटे बेटे और बेटी की मौत ने उन्हें पूरी तरह झकझोर दिया है। संवाद
तीन साल में नदी-तालाब में डूबने से 16 लोग गंवा चुके जान
अल्मोड़ा। जिले में तीन साल में नदी-तालाब में डूबने से 16 लोगों की मौत हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में नदी में डूबने से 10 लोगों ने जान गंवाई। वर्ष 2023 में भी नदी और तालाब में डूबने से तीन लोगों को काल का ग्रास बनना पड़ा। इस वर्ष भी तीन लोग डूबने से अपनी जान गंवा चुके हैं। संवाद
-