अल्मोड़ा। माल रोड से आर्य कन्या विद्यालय को जोड़ने वाला क्षतिग्रस्त पैदल रास्ता हादसों को दावत दे रहा है। विद्यालय के मुख्य द्वार के पास रास्ते के बीचोंबीच बने गड्ढे से छात्राओं के चोटिल होने की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात है कि इस विद्यालय को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। इन हालातों में अगर कोई छात्रा बोर्ड परीक्षा के दौरान क्षतिग्रस्त रास्ते के चलते चोटिल होती है तो उसे परीक्षा देने से वंचित रहना पड़ सकता है। सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी ने बताया कि नगर में क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों के सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर प्राथमिकता के साथ रास्तों को ठीक किया जाएगा।