मोबाइल में हुई मिस कॉल के जरिये पास के एक गांव की लड़की की गाजियाबाद के एक युवक से जान-पहचान शुरू हुई और फिर मोबाइल से रोज बातें होने लगीं। कुछ ही दिनों में यह बातचीत प्रेम प्रसंग में बदल गई और दोनों ने साथ-साथ जीने मरने की कसमें खाली। प्रेमी बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से करीब 350 किमी का सफर करके लड़की को लेने उसके गांव पहुंच गया। उसकी लड़की से मुलाकात भी हो गई, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और पिटाई करके राजस्व पुलिस को सौंप दिया। उधर लड़की भी प्रेमी के साथ जाने के लिए अड़ गई और घर वालों के समझाने पर रोने लगी।
जानकारी के मुताबिक निकटवर्ती के गांव की एक लड़की के मोबाइल से छह माह पहले एक अज्ञात नंबर पर कॉल चली गई। यह नंबर गाजियाबाद के एक टैक्सी ड्राइवर का था। टैक्सी ड्राइवर ने उस नंबर पर कॉल किया और यहीं से दोनों में दोस्ती की शुरुआत हो गई। पिछले छह माह से दोनों लगातार मोबाइल पर बातें करते रहे और फिर दोनों ने शादी करने की तक ठान ली। इस सिलसिले में गाजियाबाद निवासी प्रेमी इनोवा कार लेकर उसके गांव पहुंच गया। कार सड़क पर खड़ी करने के बाद वह लड़की के बताए स्थान पर पहुंच गया।
वहां दोनों बैठकर लंबे समय से बातें कर रहे थे। इस बीच गांव में इनोवा कार खड़ी देख लोगों को शक हुआ और कुछ देर बाद लोगों की नजर लड़की से बात कर रहे युवक पर पड़ी। लोगों ने उससे पूछताछ की और पिटाई करने के बाद राजस्व पुलिस को सौंप दिया। इस बीच गांव के लोगों ने बालिग लड़की के परिजनों को भी वहां बुलवाया, लेकिन लड़की प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई और रोने लगी। लड़की का कहना था कि वह इसी युवक से शादी करना चाहती है और आज ही उसके साथ जाएगी। बाद में परिजन किसी तरह समझा-बुझाकर लड़की को घर ले गए। राजस्व पुलिस ने युवक अमरेश कुमार (26 वर्ष) पुत्र किशन लाल निवासी शंकर विहार थाना खोड़ा, गाजियाबाद को शांति भंग के तहत गिरफ्तार कर लिया।