जिला पंचायत अल्मोड़ा के सदस्य को एक हमलावर ने चाकुओं से गोद दिया। हमले में घायल जिला पंचायत सदस्य को इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया है। हमले की वजह चुनावी रंजिश होने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिला पंचायत सदस्य के पेट में चाकू से करीब कई बार वार किया है। हालांकि अभी इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
शुक्रवार शाम गांव जाख निवासी जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी अपनी बहन के ससुर के पीपलपानी में शामिल होकर गांव लौट रहे थे । गांव के नजदीक पानी के धारे के पास एक युवक ने हंसा नेगी को हालचाल पूछने के लिए रोका। इसी बीच युवक ने हंसा नेगी के पेट में चाकु से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों के पहुंचने तक हमलावर भाग गया। सूचना पर जाख के पटवारी उमेश शर्मा मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से वह हंसा नेगी को रामनगर नागरिक अस्पताल में ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया । हमलावर भी गांव का ही बताया जाता है। हमले के पीछे क्षेत्र के लोग चुनावी रंजिश होने की आशंका जता रहे हैं। हंसा पनुवाद्यौघन क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं। जिला पंचायत सदस्य पर हमले की क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोगों ने निंदा की है।