सोमेश्वर के बाद अल्मोड़ा में भी माओवाद के समर्थन में कई जगह पर्चे मिले। इन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी के साथ ही शराब के ठेकों को ध्वस्त करो, उत्तराखंड में जनयुद्ध तेज करो, भ्रष्ट व्यवस्था को उखाड़ फेंको जैसे नारे लिखे मिले। पुलिस ने कुछ पर्चे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात गुपचुप तरीके से अज्ञात लोगों ने अल्मोड़ा में एडम्स इंटर कालेज, लाला बाजार और माल रोड में कुछ दुकानों के बाहर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी के नाम से पर्चे फेंके। इनमें वही भाषा लिखी है जो तीन दिन पहले सोमेश्वर में फेंके गए पर्चों में लिखी थी। पर्चों में प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा गया है कि मोदी सरकार ने किसानों की जमीनें पूंजीपतियों को कौड़ी के भाव बेचने के लिए भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन किया।
लोगों से माओवादी पार्टी में शामिल होकर की भी अपील की गई। इधर पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने कहा है कि पर्चे फेंकने वाले तत्वों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। जांच के बाद शरारती तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।