अल्मोड़ा। पुलिस ने पूर्वी पोखरखाली निवासी पूर्व तहसीलदार के घर में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही करीब डेढ़ साल पहले पोखरखाली में हरीश कांडपाल के घर पर हुई चोरी का भी खुलासा हो गया है। पुजारी हरीश कांडपाल के घर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी हो गए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.20 लाख के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी पी रेणुकादेवी ने पत्रकार वार्ता में चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोखरखाली निवासी पवन सिंह ने बीते दिनों रिटायर तहसीलदार इंद्र सिंह मेहता के घर पर चोरी की थी। उसके पास से चोरी किया गया सामान, 45 हजार रुपये की नगदी, सोने की अंगूठी, बैग, ट्रैक सूट, पहचान पत्र बैंक के कागजात आदि बरामद हुए हैं।
आरोपी ने कबूल किया कि एक साल पहले पोखरखाली निवासी पंडित हरीश चंद्र कांडपाल के घर पर भी उसी ने चोरी की थी। एसएसपी ने बताया कि उसके पास से करीब 1.20 लाख रुपये कीमत के जेवरात जिसमें सात सोने की अंगूठी, एक नथ, तीन नाक की फुल्ली, तीन जोड़े कान के टाप्स आदि बरामद कर लिए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि चोरी का पर्दाफाश करने वाली पुलिस और एसओजी की टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नीरज भाकुनी, नवीन जोशी, कांस्टेबल संदीप पाटनी, हेमंत, अशोक बुदियाल, त्रिलोक आदि शामिल थे।