अल्मोड़ा। जून माह में पूनाकोट में हुई दीवान सिंह नेेगी की हत्या के मामले में पुलिस दो आरोपियों को आज तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मृतक के परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने एसएसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
दीवान सिंह नेगी के भाई पूरन सिंह और अन्य ग्रामीणों द्वारा दिए गए संयुक्त ज्ञापन में कहा गया है कि बीते छह जून को पूनाकोट की एक दुकान में दीवान सिंह नेगी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। आरोपी रवि मेहता को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। परिजनों का कहना है कि इस मामले में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं लेकिन उनकी आज तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। इससे नैणी और पूनाकोट इलाके में भय का वातावरण बना हुआ है। पूरन सिंह का यह भी कहना है कि घटना से कुछ दिन पहले दीवान सिंह नेगी ने अपने बैंक खाते से 86 हजार रुपये निकाले थे। इन रुपयों के बारे में भी कुछ जानकारी नहीं मिली है। जिससे लगता है कि अपराधियों ने लूट के लिए ही यह हत्या की। उन्होंने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।