भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजस्व क्षेत्र नैनवाल पाली के कुन्हील स्योंतरी गांव में पानी मांगने के बहाने एक घर में घुसे अजनबी ने परिवार के पांच सदस्यों पर ईंट, पत्थर बरसाकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पांचों घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए तीन घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार रात करीब आठ बजे एक अजनबी पीने का पानी मांगते हुए कुन्हील स्योंतरी गांव निवासी हिम्मत सिंह (60) पुत्र राजेंद्र सिंह के घर पहुंचा। जैसे ही हिम्मत सिंह उसके सामने आए तो उसने अचानक उन पर ईंट और पत्थर बरसा दिए। उनके चिल्लाने पर उनकी पत्नी भगवती देवी (59), पुत्र रमेश सिंह (34), बहू श्वेता बिष्ट (28), पोता सागर (10) वहां आया तो आरोपी ने उन पर भी ईंट, पत्थर बरसाकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस घटना में पांचों को गंभीर चोट आई। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा 108 की मदद से पांचों घायलों को सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया। वहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार हुआ लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हिम्मत सिंह, भगवती देवी, रमेश सिंह को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों की सूचना पर अस्पताल पहुंचीं तहसीलदार निशा रानी ने घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक शुभम चौहान ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ धारा 325, 457 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है। दावा किया कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
आरोपी की खोज में ग्रामीणों ने छानी आसपास के क्षेत्र की खाक
भिकियासैंण। घटना के बाद कुछ ग्रामीण घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे जबकि अन्य ग्रामीणों ने आरोपी की खोजबीन शुरू की। उन्होंने आसपास के क्षेत्र की खाक छानी लेकिन आरोपी कहीं नहीं मिला। इस घटना के बाद ग्रामीण रातभर ठीक सो भी नहीं सके। वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
हमलावर कहां से आया, किसी को जानकारी नहीं
अल्मोड़ा। हमलावर रात के समय कहां से आया। वह कहां का निवासी है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। ऐसे में राजस्व पुलिस के लिए भी उस तक पहुंचना और उसे गिरफ्तार करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।