नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में जांच कराते एक बुजुर्ग।
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। यहां कसारदेवी में स्थित कलमठिया आयुर्वेद क्लीनिक और अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल के सहयोग से चार दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का समापन हो गया है। शिविर के अंतिम दिन भी दर्जनों रोगियों की कलमठिया आयुर्वेद क्लीनिक के डाक्टरों ने नि:शुल्क जांच की और उन्हें केरल की आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज के लिए परामर्श दिया। रोगियों का इलाज कर रहे डॉ.अनीस विश्वराधना ने बताया कि केरल की आयुर्वेद पद्धति में मुख्य रूप से पंचकर्म थेरेपी के माध्यम से इलाज किया गया जो कि काफी फायदेमंद है। सीनियर समन्वय पूजा मन्सूर ने बताया कि शिविर में डायबिटीज, पेट और त्वचा संबंधी रोग, पाइल्स आदि के अलावा जोड़ों का दर्द तथा न्यूरो से संबंधित बीमारियों का इलाज किया गया। शिविर के आयोजन में उक्त लोगों के अलावा महादेवी, आनंद, योगेंद्र, थेरेपिस्ट मनीषा, सुनीता, सूर्या, देवेंद्र, कमल, अमल आदि ने सहयोग किया।