तालाबंदी के बाद लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय में प्रदर्शन करते ठेकेदार। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पांच गुना रॉयल्टी बढ़ा दिए जाने से ठेकेदारों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठेकेदरों ने यहां लोनिवि कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध जताया और भविष्य में आंदोलन की रणनीति बनाई। बाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ठेकेदारों ने कहा कि सरकार ने पांच गुना रॉयल्टी बढ़ाकर तानाशाही निर्णय लिया है। इससे छोटे और मझोले ठेकेदारों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय के खिलाफ अब वृहद आंदोलन शुरू किया जाएगा। विरोध स्वरूप ठेकेदारों ने लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
ठेकेदारों ने बाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और कहा कि अगर सरकार अपने तानाशाही पूर्ण शासनादेश को वापस नहीं लेती है तो भविष्य में तालाबंदी, क्रमिक अनशन और आमरण अनशन के लिए निर्माणाचार्य संघ मजबूर होगा। कार्यक्रम का संचालन पूरन सिंह मेहरा ने किया। वहां गोपाल सिंह देव, हीरा सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह संगीला, नंदन सिंह बिष्ट, दीप सिंह मेहरा, लक्ष्मण सिंह, प्रताप राम, प्रेम सिंह, हरि सिंह, चंदन सिंह बिष्ट, संजय बिष्ट सहित तमाम ठेकेदार मौजूद रहे।