भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में प्रधानाचार्य सहित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से नाराज अभिभावकों ने सोमवार को विद्यालय में तालाबंदी कर दी। मांग पूरी होने तक उन्होंने तालाबंदी जारी रखने का एलान किया है।
सोमवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य, शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल में ताले जड़ दिए। अभिभावकों ने निर्णय लिया कि जब तक स्कूल में प्रधानाचार्य सहित अन्य शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता तब तक स्कूल में तालाबंदी जारी रहेगी।
स्कूल के प्रभारी प्रधानाचार्य कामिल हुसैन ने विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना भतरौंजखान में तहरीर दी और अभिभावक संघ ने भी थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने स्कूल पहुंचकर अभिभावकों से वार्ता की। प्रभारी प्रधानाचार्य कामिल हुसैन ने अभिभावकों को बताया कि मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालय आएंगे और अभिभावकों से वार्ता करेंगे।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष दर्शन सिंह अस्वाल, एसएमसी अध्यक्ष जगदीश पांडे, चंद्रभानु नैनवाल, गोपाल दत्त नैनवाल, विनोद पंत, भोपाल सिंह, अनूप राम, मनोज कुमार, तारा सिंह, रंजीत, जगजीत सिंह, त्रिलोक सिंह, खीम सिंह, चंदन प्रकाश, दीपा देवी, भावना देवी, सरस्वती देवी, विमला देवी, चंपा देवी, आशा देवी आदि मौजूद थे।