अल्मोड़ा करीब साढ़े तीन माह बाद शुक्रवार को चितई के प्रसिद्ध गोलज्यू मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। फिलहाल मंदिर में अल्मोड़ा जिले के लोगों को ही दर्शनों की अनुमति दी जा रही है। मंदिर में प्रवेश से पहले सभी श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। बता दें कि पुराना महामारी के कारण 20 मार्च के बाद से चितई मंदिर के कपाट अब तक बंद थे। हालांकि सरकार ने बीते एक जून से राज्य में मंदिरों को खोलने की अनुमति दे दी थी लेकिन जिले में जागेश्वर धाम के साथ ही चितई मंदिर को अब तक नहीं खोला गया था। तीन दिन पहले जागेश्वर मंदिर के खुलने के बाद शुक्रवार से चितई के गोलज्यू मंदिर के कपाट खोल दिए गए। इससे पहले मंदिर को अच्छी तरह से सेनेटाइज किया गया। मंदिर में प्रवेश से पहले सभी श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। साथ एक रजिस्टर में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक ही दर्शनों की अनुमति दी जा रही है। कोरोना से बचाव के मद्देनजर मुख्य मंदिर के गेट को बंद रखा गया है और श्रद्धालुओं को दरवाजे से ही दर्शनों की अनुमति दी जा रही है। फिलहाल मंदिर में किसी तरह की पूजा अर्चना और पाठ आदि नहीं हो रहे हैं। मंदिर की घंटियों को किस कपड़ों से बंद कर दिया गया है।