अल्मोड़ा । नगर के दुगालखोला में एक व्यक्ति पर चार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अराजक तत्वों ने व्यक्ति के वाहन से दो लाख रुपये भी लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चौमू लोधिया निवासी दिव्यांशु पंवार अपने एक साथी सचिन के साथ अपने वाहन से क्वारब से अल्मोड़ा आ रहे थे। दुगालखोला के पास अचानक दो वाहन उनके वाहन के आगे खड़े हो गए और उनके वाहन को रोक लिया। तहरीर में दिव्यांशु ने कहा है कि इन दाे वाहनों में करीब 10 लोग बैठे हुए थे। जब दिव्यांशु ने इन लोगों से अपना वाहन हटाने को कहा तो आराेपियों ने मारपीट शुरु कर दी। लाेहे की राड और धारदार हथियार से उन पर हमला भी कर दिया। उनके वाहन में तोड़फोड़ की और वाहन में रखे दो लाख रुपये लेकर वहां से फरार हाे गए। सीओ विमल कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।