रानीखेत (अल्मोड़ा)। शनिवार को संपन्न हुए छात्र संघ चुनाव के बाद जुलूस प्रदर्शन के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई। मारपीट के बाद दो युवकों के अपहरण का भी आरोप है। मारपीट में दो युवक घायल हो गए, बताया जा रहा है कि पिस्टल की नोक पर दो युवकों का अपहरण कर उनके साथ मारपीट हुई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। रविवार को दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। इसमें अपहरण, मारपीट, एससीएसटी एक्ट सहित तमाम संगीन धाराओं में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुए हैं। देर रात तक नगर के गांधी चौक में बवाल चलता रहा।
छात्र संघ चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद देर रात नगर में जबरदस्त हंगामा हो गया। अध्यक्ष पद पर जीते और हारे प्रत्याशी समर्थकों में कहासुनी के बाद माहौल मारपीट में बदल गया। देर रात तक हंगामा चलता रहा। बताया जा रहा है कि छात्रों के विवाद में बाहरी लोग कूद गए, इससे स्थिति और खराब हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अपहरण जातिसूचक शब्दों का प्रयोग मारपीट धमकी का आरोप लगा तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। विजय जुलूस के दौरान रोडवेज स्टेशन के पास हारे और जीते प्रत्याशियों के बीच विवाद बढ़ गया।
मामले में दो युवक घायल हो गए। घायल युवक हिमांशु आर्या ने तहरीर देकर कहा कि विजयी प्रत्याशी समर्थकों के पक्ष में दस युवक पहुंचे और उनका और उनके साथी युवक का अपहरण किया तथा जगह जगह मारपीट की गई। आरोप है कि गालीगलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला बोल दिया गया। कोतवाल नासिर हुसैन ने बताया कि हिमांशु आर्या ने नवीन कुवार्बी सहित 10 लोगों के खिलाफ अपहरण, एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं नवीन कुवार्बी ने भी तहरीर देकर हिमांशु आर्या व उसके साथियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल धमकी ओर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना से गुस्साए पंचायत प्रतिनिधि पहुंचे कोतवाली
रानीखेत। घटना से गुस्साए पंचायत प्रतिनिधि कोतवाली जा धमके। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। हिमांशु समर्थकों का कहना था कि देर रात विवाद के बाद पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन रविवार दोपहर दो बजे बाद केस दर्ज किया गया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख हीरा सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह रावत, नवनिर्वाचित छात्रसंघ उपसचिव नीरज रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश आर्या, ब्लाक अध्यक्ष गोपाल देव, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अतुल जोशी, व्यापार मंडल उपसचिव विनीत चौरसिया, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, चंदन बिष्ट, नीरज बाल्मीकि, कुलदीप कुमार आदि थे।
-मामला पता चला है सरकारी काम से बाहर हूं, दोनों पक्षों के खिलाफ केस हो गया है। बाकी आकर मामले को देखेंगे। कोतवाल साहब ने जांच शुरू कर दी है।-टीआर वर्मा, सीओ रानीखेत।