धौलछीना (अल्मोड़ा)। भवाली में हुए सड़क हादसे में भैंसियाछाना के कनारीछीना, हटोला निवासी दो युवकों राजेंद्र सिंह और पुष्कर सिंह की मौत हो गई। रुद्रपुर में नौकरी करने वाला राजेंद्र सिंह गांव के ही अपने साथी पुष्कर के साथ छोटे भाई के जनेऊ संस्कार में शामिल होने गांव पहुंचा। हंसी-खुशी, गाना-बजाने के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ और दूसरे दिन साथी के साथ नौकरी में लौटा। घर से सिर्फ किमी दूर पहुंचने पर मौत दोनों पर झपटी और सड़क हादसे में उन्हें जान गंवानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक रुद्रपुर में एक कंपनी में काम करने वाले राजेंद्र अपने छोटे भाई के जनेऊ संस्कार में शामिल होने अपने साथी पुष्कर के साथ बाइक से तीन दिन पूर्व गांव लौटा था। घर में खुशी का माहौल था और परिजनों के साथ नाच-गाने के साथ उसने भाई का जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम संपन्न कराया। शुक्रवार को दोनों साथी नौकरी के लिए वापस लौटे। परिजनों ने दोनों को हंसी-खुशी विदा किया। लेकिन उन्हें यह मालूम नहीं था कि दोनों हमेशा के लिए उन्हें अलविदा कर हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएंगे। घर से 97 किमी दूर भवाली के पास सड़क दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई। जिस घर और गांव में एक दिन पूर्व जश्न का माहौल था, अब वहां मातम पसरा है। बड़े भाई की मौत से छोटा भाई सदमे में है। मां बदहवास है तो पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भवाली रवाना हुए। संवाद
-
Iमां ने रोका, लेकिन बुला रही थी मौतI
Iधौलछीना। जानकारी के मुताबिक राजेंद्र सिर्फ दो दिन के अवकाश पर घर आया था, लेकिन मां और कुछ दिन उसके साथ बिताना चाहती थी। शुक्रवार सुबह जब वह वापसी के लिए तैयार हुआ तो मां पुष्पा ने कुछ दिन और रुकने की बात कर उसे वापस जाने से रोका, लेकिन अवकाश न होने का हवाला देकर वह अपने साथी के साथ रुद्रपुर के लिए रवाना हुआ। इसी बीच एक हादसे में उसकी और साथी की मौत हो गई। संवादI