अल्मोड़ा (संजय नयाल)। नए साल में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) लोगों को हाईस्पीड इंटरनेट की सौगात देने जा रहा है। कंपनी जिले में बिनसर से लेकर बगवाली पोखर तक जगह-जगह 4जी के 13 टॉवर स्थापित कर रही है। इससे लोगों को जहां अपनों से अपने से वीडियो कॉल आदि से जुड़ने में आसानी होगी। वहीं उच्च स्तरीय वीडियो चलाने में बफरिंग की समस्या से भी नहीं जूझना पड़ेगा। इसके लिए भूमि चिह्नीकरण का काम अंतिम चरण में है।
जिले में बीएसएनएल के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। इन्हें बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कंपनी ने जिले के विभिन्न स्थानों पर 4जी सेचुरेशन प्रोजेक्ट के तहत 13 मोबाइल टॉवर स्थापित का प्रस्ताव शासन में भेजा है। बीएसएनएल का दावा है कि इस प्रस्ताव को जल्द ही स्वीकृति मिलेगी। निगम ने टॉवर लगाने के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बीएसएनएल अल्मोड़ा के डीजीएम सत्यनारायण रावत ने बताया कि भूमि चिह्नीकरण का काम अंतिम चरण में है। 80 प्रतिशत भूमि बीएसएनएल को हस्तांतरित हो चुकी है। शेष भूमि का भी जल्द हस्तांतरण होगा। टॉवर स्थापित होने से बीएसएनएल की आय तो बढ़ेगी ही और उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। संवाद
500 दिन में पूरा होगा टॉवर लगाने का काम
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर उपभोक्ताओं को हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा देने के लिए 4 जी सेचुरेशन प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। बीएसएनएल इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने में जुट गया है। बीएसएनएल के अधिकारियों के मुताबिक 4 जी टॉवर स्थापित करने के लिए पीएम घोषणा के बाद से 500 दिनों का लक्ष्य रखा गया है।
इन स्थानों पर लगेंगे 4जी टॉवर
अल्मोड़ा के बिनसर, चौखुटिया, स्याल्दे, भनौली, बगवाली पोखर, सोमेश्वर क्षेत्र में 13 फोर-जी टॉवर लगाए जाएंगे।