अल्मोड़ा। जिले के मुक्केबाजों ने पिथौरागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर और जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने पंच का दम दिखाया। खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक जीत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कोच संजय अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता के सब जूनियर बालिका वर्ग में अल्मोड़ा की खुशबू बिष्ट और मुस्कान ने स्वर्ण और वैभवी नौर्की ने रजत पदक झटके। सब जूनियर बालक वर्ग में कुशाग्र नब्याल ने स्वर्ण पदक जबकि आयुष बिष्ट और तेजस रावत ने कांस्य पदक जीते। जूनियर बालिक वर्ग में खुशबू तिवारी ने रजत, दिया कोरंगा और तनुजा बिष्ट ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं जूनियर बालक वर्ग में प्रियांशु कुमार ने कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों के पदक जीतने पर अल्मोड़ा बॉक्सिंग संघ के महासचिव गोपाल खोलिया, डीएसओ महेशी आर्या, सहायक प्रशिक्षक विक्रम भंडारी, बीएस भंडारी, यशवंत, प्रेम रावत सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष जताया है।