अल्मोड़ा। लॉकडाउन 4.0 के तहत मंगलवार को अल्मोड़ा में बाजार की दुकानें दोनों तरफ खुल गई जिससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली। दोनों तरफ बाजार खुलने से चहल पहल भी रही। हालांकि रेस्टोरेंट और सैलून अभी नहीं खुले हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार को लॉकडाउन फॉर की गाइड लाइन जारी कर देने के बाद मंगलवार को बाजार खोलने के लिए रोस्टर प्रणाली को खत्म कर दिया गया। मंगलवार से बाजारें दोनों तरफ खुलने लगी हैं। हालांकि फिलहाल रेस्टोरेंट और सैलून को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। बताया गया है कि प्रशासन सैलून बुधवार से खोलने की अनुमति देने पर विचार कर रहा है। इधर मंगलवार से बाजारें दोनों तरफ खुलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। अब तक एक दिन दायीं तरफ की और दूसरे दिन बायीं तरफ की दुकानें खुल रही थी जिससे व्यापारियों को एक दिन दुकानें बंद रखनी पड़ रही थी। मंगलवार को बाजारों में बहुत अधिक भीड़ नहीं थी लेकिन इसके बावजूद चहल-पहल बनी रही। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी सोमवार की अपेक्षा बेहतर रहा।