सोमेश्वर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन करते अतिथिगण।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। राजकीय हुकुम सिंह बोरा राजकीय महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका कौशिकी : एक जीवन धारा का विमोचन उच्च शिक्षा निदेशालय हल्द्वानी में किया गया। उच्च शिक्षा उन्नयन समिति उत्तराखंड के उपाध्यक्ष डॉ. बीएस बिष्ट, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. कुमकुम रौतेला और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना साह ने पत्रिका का विमोचन किया। डॉ. बिष्ट ने कहा कि छात्र-छात्राओं के मौलिक विचारों को पत्रिका में प्रकाशित करना महाविद्यालय की उपलब्धि है। महाविद्यालय का यह प्रथम प्रयास सराहनीय है। पत्रिका महाविद्यालय के विकास में भी मददगार साबित होगी। निदेशक डॉ. रौतेला ने कहा कि पत्रिका से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा का विकास होगा। इस दौरान डॉ. सीपी वर्मा, पत्रिका की प्रधान संपादक प्रो. शर्मिला सक्सेना, उपनिदेशक डॉ. बीएस बनकोटी, डॉ. एएस उनियाल, सहायक निदेशक डॉ. एचएस नयाल, डॉ. एलसी वर्मा आदि थे।