अल्मोड़ा। विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बुधवार को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें डीएम विनीत तोमर समेत पुलिस, एसएसबी के जवानों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने रक्तदान किया। मुख्य अतिथि डीएम ने स्वयं रक्तदान कर अन्य रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र बांटे और अमर उजाला के इस प्रयास को सराहा।
डीएम तोमर ने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे हम कई जरूरतमंदों का जीवन बचा सकते हैं। रक्तदान से शरीर को किसी तरह का नुकसान नहीं होता। उन्होंने अन्य लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। कोतवाल अरुण कुमार ने साथियों के साथ और एसएसबी के इंस्पेक्टर अजय सिंह पवार ने जवानों के साथ रक्तदान किया। रेडक्राॅस सोसाइटी के चेयरमैन मनोज सनवाल, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आरएस शाही सहित सभी रक्तदाताओं ने इस प्रयास की सराहना की। इस दौरान अमर उजाला की ओर से सभी 40 रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीपी भैसोड़ा, सीएमओ डॉ. आरसी पंत, स्वास्थ्य विभाग के मनोज धानिक, शुभम मेहता, नंदन फर्स्वाण, हेमलता भट्ट, डॉ. अखिलेश, नरेंद्र चौहान, रेडक्रॉस के दीप जोशी, गिरीश धवन ने सहयोग किया।
इन्होंने किया रक्तदान
डीएम विनीत तोमर, जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. पीके सिन्हा, डॉ. अंकुर गुप्ता, डॉ. नमन लोहनी, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. जीवन सिंह मपवाल, पुलिस कर्मी खुशाल, पवन कुमार, एसएसबी के अजेंद्र कौशिक, मदनमोहन जोशी, नाजिम आलम, 22 राजपूत बटालियन के शैलेंद्र कुमार, प्रमीत सिंह, रोशन, शिंभू सिंह सहित 40 लोगों ने रक्तदान किया।
पति-पत्नी ने एक साथ किया रक्तदान
अल्मोड़ा। रानीधारा निवासी स्मिता जोशी ने अपने पति जन अधिकार मंच के संयोजक त्रिलोचन जोशी के साथ जिला अस्पताल में रक्तदान किया। स्मिता ने कहा कि कई महिलाएं रक्तदान से परहेज करतीं हैं लेकिन उन्हें भी रक्तदान करना चाहिए। दोनों ने भविष्य में भी इसी तरह रक्तदान का संकल्प लिया।
पहली बार रक्तदान कर जताई खुशी
जीवन में पहली बार रक्तदान कर रहा हूं जिससे खुशी है। आगे भी अब नियमित रूप से रक्तदान कर साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करुंगा। -अजय सिंह पवार, इंस्पेक्टर, एसएसबी, अल्मोड़ा।
रक्तदान शिविर की अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जानकारी मिली। पहली बार रक्तदान करने से खुशी महसूस कर रहा हूं। रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सकता है। - देवेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर, एसएसबी।
पहली बार रक्तदान कर रहा हूं। आगे भी रक्तदान करता रहूंगा। अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद को रक्त की कमी न खले। - अंकुर, एसएसबी, अल्मोड़ा।