रानीखेत/द्वाराहाट। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर यहां पंत पार्क में श्रद्धांजलि समारोह हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक करन माहरा ने पंडित जीबी पंत के सम्मान में समाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोकर सशक्त भारत के निर्माण की परिकल्पना साकार करने का आह्वान किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
व्यापार संघ जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, आयोजन समिति के अध्यक्ष विमल सती, एसडीएम गौरव पांडेय आदि अतिथियों ने बारी-बारी से पं. पंत की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं समेत प्रकृति लोक की ओर से जन्माष्टमी पर आयोजित क्यूट कान्हा के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
आयोजन समिति अध्यक्ष पत्रकार विमल सती और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक पंत ने संचालन किया। इससे पूर्व कांग्रेस ने विधायक करन के नेतृत्व में नगर में प्रभातफेरी भी निकाली। वहां व्यापार मंडल उपसचिव विनीत चौरसिया, मदन पंत, रमेश जोशी, कुलदीप कुमार, सोनू सिद्दीकी, अमन शेख, महेश आर्या, कैलाश पांडे, हरीश साह, अगस्त साह आदि थे।
उधर, द्वाराहाट के जीजीआईसी में बीईओ डीएल आर्य और प्रधानाचार्या तनुजा जोशी ने पंडित पंत की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। छात्राओं की चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें कुमकुम हर्बोला, आरती, कुमकुम आर्या अव्वल रहीं। निबंध में कुमकुम आर्य, भावना नेगी, हर्षिता ने बाजी मारी।
जन्मस्थलीय खूंट में मनाई पं. पंत की जयंती
अल्मोड़ा। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जन्मस्थली खूंट में शुक्रवार को उनकी 134 वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान समेत अतिथियों ने उनकी मूर्ति का माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जीबी पंत का अल्मोड़ा जिले से होना हमारे लिए गौरव की बात है। आज विश्व में उनकी जयंती मनाई जा रही है और अल्मोड़ा का नाम बार-बार लिया जा रहा है। पूर्व विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल, बिट्टू कर्नाटक आदि ने गोविंद बल्लभ पंत का योगदान बताया।
स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए शिविरों में विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इससे पूर्व अल्मोड़ा के चौघानपाटा स्थित पंत पार्क में पंडित जी की मूर्ति का माल्यार्पण किया गया।
वहां डीएम वंदना सिंह, एडीएम सीएस मर्तोलिया, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. चंद्र सिंह चौहान, आयोजन समिति के अध्यक्ष ललित पंत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश भाकुनी, खूंट ग्राम प्रधान सरिता आर्या, महेंद्र बिष्ट, नरेंद्र कुमार, ललित मोहन पंत, आनंद सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भोज आदि रहे।
कांग्रेसियों ने किया पं. पंत को याद
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती उत्साह के साथ मनाई। पंत जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके बताया मार्ग पर चलने का आह्वान किया। यहां जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, सचिव दीपांशु पांडेय, यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता वैभव पांडे, वरिष्ठ कांग्रेसी राबिन, मनोज भंडारी, शरद साह, दीपा साह आदि रहे।
पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर संबोधित करते विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, साथ में मौजूद- फोटो : ALMORA