अल्मोड़ा। स्याल्दे ब्लॉक की चिंतोली-उपराड़ी-जौरासी सड़क बदहाल बनी हुई है। सड़क पर छह साल बाद भी डामर नहीं हो सका है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल्द डामरीकरण न होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
चिंतोली से उपराड़ी तक 10 किमी सड़क में डामरीकरण नहीं होने से खंडुवा, भेली, उपराड़ी, कैलानी, जौरासी, कपल्टाना की तीन हजार से अधिक की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों से आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कच्ची सड़क पर वाहनों से गर्भवतियों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि 5 करोड़ 79 लाख रुपये से सड़क का निर्माण किया गया लेकिन वर्ष 2017 से अब तक सड़क पर डामरीकरण नहीं किया गया है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डामरीकरण नहीं हुआ तो वे लोकसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
बोले ग्रामीण
लंबे समय से हम सड़क पर डामरीकरण करने की मांग कर रहे हैं लेकिन छह साल के बाद भी डामरीकरण नहीं हुआ है जिससे हमें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि प्रशासन सड़क नहीं बनवाएगा तो हम लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। - कमल सिंह, उपराड़ी।
सड़क पर बने गड्ढों के कारण गंभीर मरीजों और गर्भवतियों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर जल्द डामरीकरण होना चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो हम लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। - बिशन सिंह, उपराड़ी।
सड़क निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू होगा। उपराड़ी के बाद सड़क के प्रथम चरण का काम किसने किया इसका कोई रिकाॅर्ड विभाग के पास नहीं है। - सतनाम सिंह, सहायक अभियंता, लोनिवि, अल्मोड़ा।