टायर चोरी कर ईंटो पर खड़ी कर गए कार। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों में तोड़फोड़ और चोरी के वारदात एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। वलना गांव में सड़क किनारे खड़े वाहन के चारों टायर देर रात चोरों ने पार कर लिए। चारों टायर निकाल चोर वाहन को ईंटों के सहारे खड़ा कर वहां छोड़ गए। सुबह जब वाहन मालिक ने कार देखी तो उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि वाहन में तोड़फोड़ भी की गई है। राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वलना निवासी गिरीश चंद्र तिवारी अपनी कार को घर के पास ही सड़क किनारे खड़ा करते हैं। बुधवार रात चोरों ने कार के चारों टायर खोलकर पार कर लिए। कार के अंदर का सामान चोरी करने के मकसद से चोरों ने कार के शीशे और डोर वाइजर भी तोड़ दिए। बृहस्पतिवार की सुबह गिरीश तिवारी सड़क किनारे पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। चोर कार को ईंटों के सहारे खड़ा कर गए थे। इधर, राजस्व उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि चोरों के खिलाफ धारा 379 व 428 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।