रानीखेत (अल्मोड़ा)। अग्निपथ योजना के तहत पहली बार कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के सोमनाथ मैदान में शनिवार से अग्निवीरों की भर्ती शुरू हो रही है। कुमाऊं मंडल के चार जिलों के युवा तहसीलवार भर्ती में शिरकत करेंगे। भर्ती के लिए 30684 युवकों ने पंजीकरण कराया है।
पहले दिन अग्निवीर ट्रेडमैन पद के लिए अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले से जुड़े तहसीलों के युवा शिरकत करेंगे। भर्ती के लिए युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया है। सुबह पांच बजे के आसपास दौड़ शुरू हो जाएगी। सैन्य अधिकारियों के अनुसार रात एक बजे से युवाओं की मैदान में लाइन लगनी शुरू हो जाएगी। प्री हाइट टेस्ट, प्रपत्रों की जांच के बाद उन्हें दौड़ लगाने का मौका मिलेगा। पहले प्रमाण पत्रों की जांच होगी, इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी।
रानीखेत में 31 अगस्त तक यह भर्ती प्रक्रिया चलेगी। प्रशासन ने संस्थानों का युवाओं के लिए अधिग्रहण किया गया है, वहां भोजन की व्यवस्था भी उचित दरों पर की गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन ने कहा है कि यदि नगर में कोई भी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक दैनिक प्रयोग की सामग्री को अधिक दामों पर बेचेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इन स्कूलों और बरात घरों का किया गया है अधिग्रहण
-नेशनल इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज, कैंट इंटर कॉलेज, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिशु मंदिर, रंगोली विवाह गृह और शिव मंदिर धर्मशाला।
दलालों से रहें सावधान, 05966-220232 नंबर पर करें फोन
रानीखेत। संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन ने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है लेकिन युवकों को भी दलालों से सावधान रहना होगा। युवकों को अनुचित प्रलोभन तथा वित्तीय लेनदेन से सतर्क रहना होगा। नगर में कोतवाली का फोन नंबर 05966-220232 चस्पा किया गया है। टैक्सी चालक यदि भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं से नाजायज धनराशि वसूलेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
क्या करें
-दौड़ लगाते वक्त घबराने की जरूरत नहीं है।
-दौड़ते वक्त 100 गज तक शरीर गर्म करें, इसके बाद एक दूसरे के शरीर से बचाव करते हुए स्पीड बढ़ाएं।
-पंजों और शरीर को जितना छोटा करेंगे, हवा कतई बाधक नहीं बनेगी।
-दौड़ते वक्त लंबी लंबी सांसें लेना स्वाभाविक है, थकान होगी लेकिन हिम्मत नहीं हारनी है, समय के अनुसार दौड़ खत्म करें।
-दौड़ में आगे निकले युवक के पैर से पैर मिलाएं, जो पांव उसका आगे निकल रहा है, वही पांव आपको भी आगे करना है, कुछ देर में आप उसे पछाड़ देंगे।
(- पूर्व सूबेदार मेजर हरी सिंह नेगी के सुझाव)
रोडवेज ने चलाई दो अतिरिक्त बसें
अल्मोड़ा। भर्ती में जाने वाले युवाओं की सुविधा के मद्देनजर रोडवेज डिपो अल्मोड़ा ने दो अतिरिक्त बसें लगाई हैं। हल्द्वानी से भी काफी संख्या में युवा रानीखेत पहुंच रहे हैं।
रोडवेज के एजीएम विजय तिवारी ने बताया कि अल्मोड़ा डिपो से भर्ती रैली के लिए दो अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। बसों की मांग आएगी तो और अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। संवाद
लिखित परीक्षा का कर रहे थे इंतजार
अल्मोड़ा। दो साल पहले रानीखेत में हुई सेना भर्ती की लिखित परीक्षा न होने से युवा परेशान थे। अब उन्हें अग्निवीर बनने का मौका मिल रहा है। युुवाओं ने बताया कि वर्ष 2021 में बीआरओ पिथौरागढ़ ने रानीखेत में सेना भर्ती कराई थी। प्रतिभागियों के फिजिकल और मेडिकल हो गए थे लेकिन लिखित परीक्षा आज तक नहीं हुई। रानीखेत में हुई सेना भर्ती की लिखित परीक्षा कराने की मांग को लेकर युवाओं ने अल्मोड़ा समेत जिले के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया था। संवाद
फोटो- 19एएलएल31,32
दो साल बाद सेना का अंग बनने के लिए दौड़ेंगे युवा
कहा-काबिल होंगे तो आजीवन करेंगे भारत मां की सेवा
नवीन भट्ट
रानीखेत (अल्मोड़ा)। अग्निपथ योजना को लेकर कुमाऊं मंडल के युवाओं में उत्साह नजर आ रहा है। उनका कहना है कि चार साल ही सही, देश सेवा का मौका तो मिल रहा है।
आर्मी डिफेंस अकादमी हल्द्वानी से पहुंचे युवाओं ने सरकार की इस योजना को बेहतर बताया। कहा कि काबिल युवक चुने जाएंगे तो भारतीय सेना मजबूत होगी।
क्या कहते हैं युवा
लमगड़ा निवासी हिमांशु आर्या ने बताया कि अग्निपथ भर्ती रैली उनकी पहली भर्ती है। मन में जोश और उत्साह है। अग्निवीर बनकर देश सेवा करना चाहता हूं। अग्निवीरों को सेवानिवृत्ति के बाद भी कई अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
फोटो- 19एएलएल26पी
--------
घनौली के रोहित जोशी ने बताया कि उनकी भी पहली भर्ती है। मन में डर बना हुआ है कि वहां न जाने कैसा होगा। सरकार ने सभी युवाओं को मौका देने के लिए अग्निपथ योजना बनाई है, इससे हर युवा का सेना में जाने का सपना पूरा होने जा रहा है।
फोटो- 19एएलएल27पी
-------------
भर्ती रैली में जा रहे पनुवानौला निवासी विकास जोशी ने कहा कि मन में उमंग है। भर्ती रैली में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा ताकि पहली बार में ही अग्निवीर के लिए चुना जाऊं। देश सेवा करने के लिए इससे अच्छा मौका और क्या होगा।
फोटो- 19एएलएल28पी
------------
रोडवेज स्टेशन अल्मोड़ा से रानीखेत के लिए रवाना हो रहे पवन बिष्ट ने कहा कि भर्ती का लंबे समय से इंतजार था। काफी समय से भर्ती की तैयारी की है, उम्मीद है कि अग्निपथ की पहली ही भर्ती में सेना के लिए मेरा चयन हो जाएगा।
फोटो- 19एएलएल29पी
-----------
च्यूनी भतरौंजखान निवासी राहुल पंत ने कहा कि अग्निपथ भर्ती रैली में भाग लेने के लिए काफी उत्साहित हूं। अग्निवीर बनने के लिए पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरुंगा। भर्ती को लेकर मन उत्साहित है। दो साल बाद आई भर्ती से खासी उम्मीदें हैं।
फोटो- 19एएलएल30पी
-अग्निपथ योजना से कोई नुकसान नहीं है। चार साल भर्ती के दौरान यदि सैनिक काबिल होगा तो आगे बढ़ेगा, इससे देश का ही मान बढ़ेगा।-धीरज भट्ट, हल्द्वानी
-हम भर्ती का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, काफी मेहनत की है। सरकार की योजना भी ठीक है। नियमित भर्तियां होंगी तो मां भारती की सेवा करने का मौका मिलेगा।-अंकित लोहिया, हल्द्वानी
-दो साल पहले तक नियमित भर्तियां होती थी, युवाओं मे रोजगार की उम्मीद भी बंधी रहती थी, अब अग्निपथ योजना सरकार लाई है तो अच्छा काम किया है। युवा प्रोत्साहित होंगे।-करन नेगी
-उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य क्षेत्र है। यहां समय समय पर सेना भर्तियों का आयोजन किया जाना चाहिए। सेना में जाने के लिए प्रदेश के युवाओं में अलग जुनून है। अग्निपथ योजना मील का पत्थर साबित होगी।-गोकुल बिष्ट।
फोटो: 19 आरकेटी 08पी:धीरज, 09पी: अंकित, 10पी: करन नेेगी, 11पी: गोकुल बिष्ट।
-फोटो: 19 आरकेटी 06पी: रानीखेत बाजार पहुंचे अग्निवीर,
07पी: रंगोली हाल में खाना खाते अग्निवीर,
08पी: पूर्व सूबेदार हरी सिंह नेगी।