अल्मोड़ा। नैनीताल शेल्टर होम और अल्मोड़ा के शेल्टर होम में रह रहे 12 लोगों की क्वॉरंटीन की अवधि पूरी होने के बाद प्रशासन ने उनके घरों को भेज दिया है। इससे पहले इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ये सभी लोग स्वस्थ हैं। नैनीताल में शेल्टर होम में रह रहे जिले के नौ लोगों को लेकर मंगलवार को केमू की बस अल्मोड़ा पहुंची। इनमें से पांच लोग टोटाम (सल्ट) और तीन लोग जैंती के निवासी हैं, जिनके लिए प्रशासन ने अल्मोड़ा से वाहनों की व्यवस्था की और उन्हें उनके घरों को भेज दिया है, जबकि वाहन की व्यवस्था होने पर भुजान निवासी एक व्यक्ति को भी उसके घर भेजा जाएगा।
वहीं अल्मोड़ा नगर में जीआईसी और जीजीआईसी में शेल्टर होम बनाए गए हैं। 14 दिन की अवधि पूरी होने के बाद जीआईसी शेल्टर होम में रह रहे जिले के धौलादेवी निवासी तीन और चौखुटिया निवासी एक व्यक्ति को उसके घर को भेज दिया है। उप शिक्षा अधिकारी हरीश सिंह रौतेला ने बताया आरतोला निवासी दो लोगों को उनके घरों को भेजा जाना है। उनके लिए भी वाहन की व्यवस्था की जा रही है।