अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में जल्द लेखाकार की नियुक्ति होगी। साथ ही यहां मंदिर प्रबंधन समिति को आरटीआई के दायरे में लाया जाएगा। जागेश्वर मंदिर समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में डीएम वंदना सिंह की अध्यक्षता में जागेश्वर मंदिर समिति की बैठक हुई। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। डीएम ने कहा पारदर्शिता के लिए मंदिर समिति का लेखा-जोखा, प्रपत्रों का रिकार्ड, आय-व्यय का विवरण रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए यहां जल्द लेखाकार की नियुक्ति होगी। कहा मंदिर प्रबंधन समिति को आरटीआई के दायरे में लाया जाएगा, जिसके लिए यहां जल्द लोक सूचना अधिकारी की नियुक्ति होगी। इस दायरे में प्रबंधन समिति के सभी कर्मचारी, नियमित पुजारी आएंगे। उन्होंने प्रबंधक को इसकी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर में सफाई व्यवस्था ठीक करने के साथ ही क्षेत्र में खुले में शौच करने वालों का चालान करने को कहा। कहा ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर व इसके आसपास सीसीटीवी लगाए जाएंगे। उन्होंने प्रबंधन समिति को धर्मशाला के संचालन के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम भनोजी गोपाल सिंह चौहान सहित मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी शामिल रहे।
पुजारियों की बायोमैट्रिक से लगेगी हाजरी
अल्मोड़ा। डीएम वंदना सिंह ने प्रबंधन समिति को मंदिर में होने वाले अनुष्ठानों के लिए पुजारियों को नियमति करने के निर्देश दिए। कहा इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को खासी राहत मिलेगी। नियमित पुजारियों की हाजरी के लिए बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने एसडीएम व तहसीलदार को क्षेत्र में अवैध निर्माण सख्ती से रोकने के निर्देश दिए।